रायपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने गौरेला विकासखंड की ग्राम पंचायत धनौली पहुंचकर विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित परिवारों से मुलाकात की और योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राही कार्तिक राम बैगा और धीरपाल सिंह बैगा के नवनिर्मित आवासों का अवलोकन किया। परिवारों से चर्चा के दौरान उन्होंने आवास मिलने के बाद हुए बदलावों के बारे में जाना। हितग्राहियों ने पक्का आवास मिलने पर प्रसन्नता जताई और योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान मंत्री ने ग्रामीणों के अनुभवों को सुना और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
लखपति दीदी भानुकला बैगा की सफलता को सराहा
मंत्री ने धीरपाल सिंह बैगा की पत्नी भानुकला बैगा की सफलता की कहानी भी जानी। भानुकला बैगा ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के महिला स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं और बकरी पालन सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों के जरिए अपनी आय बढ़ा रही हैं। स्वसहायता समूह से जुड़कर निरंतर मेहनत और आजीविका गतिविधियों के विस्तार के माध्यम से उन्होंने लखपति दीदी बनने की उपलब्धि हासिल की है। मंत्री अग्रवाल ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए कहा कि स्वसहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं का आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ना प्रेरणादायी है।
आयुष्मान भारत के लाभार्थी से भी जाना योजना का अनुभव
सेवा संकल्प अभियान के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने आयुष्मान भारत योजना के हितग्राही नेमचंद गुर्जर और उनके परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने परिवार के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए आयुष्मान कार्ड से मिले उपचार संबंधी लाभ के बारे में पूछा। नेमचंद गुर्जर ने बताया कि उन्होंने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार का लाभ लिया है और रेबीज का टीकाकरण भी कराया है। मुलाकात के दौरान गुर्जर परिवार ने मंत्री का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें गरमा-गरम भुट्टा खिलाया। मंत्री ने परिवार के इस सहज आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया।
‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर अभियान से जुड़ने की अपील
मंत्री ने ग्रामीणों से सेवा संकल्प अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने ग्रामीणों से ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होता है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। लाभार्थियों के अनुभव दूसरे लोगों को भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। इस अवसर पर विधायक प्रणव कुमार मरपची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, कलेक्टर विजय दयाराम के., जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।