रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिरगांव में 150 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। गाजी नगर से शुरू हुई यात्रा बॉम्बे बेकरी, नगर निगम कार्यालय, बुधवारी बाजार, बिरगांव मेन रोड और व्यास तालाब चौक होते हुए जौहरे आजम चौक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के नारों के साथ पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
गाजी नगर स्थित जौहरे आजम चौक पर डॉ. जौहर मियां शफियाबादी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए हजारों वीरों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने तथा समाज को बांटने वाली ताकतों से सावधान रहने की अपील की। तिरंगा यात्रा में मुस्लिम समाज के साथ बिरगांव के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पार्षद इकराम अहमद ने कहा कि 150 फीट की यह तिरंगा यात्रा किसी एक व्यक्ति या संस्था का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे बिरगांव की जनता के सामूहिक देशप्रेम, एकता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, माताओं-बहनों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है और बिरगांव की जनता ने जिस उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया, वह पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है।