BREAKING

साइबर कार्यक्रम से उत्साहित होकर सावन हरियाली उत्सव कार्यक्रम में महिला मंडल द्वारा पुलिस टीम का सम्मान किया गया

Share:

रायपुर। थाना टिकरापारा क्षेत्र के बोरिया खुर्द में छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरियाली सावन उत्सव के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीण महिला मंडल की महिलाओं सहित करीब 100 लोगों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक करना रहा।

प्रशिक्षु उप निरीक्षक नागेश्वर साहू और वरिष्ठ आरक्षक भारतेंद्र साहू ने महिला मंडल के सदस्यों एवं उपस्थित लोगों को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल और डिजिटल ठगी के तरीकों की जानकारी दी। पुलिस टीम ने समझाया कि अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने लोगों को बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में जल्द से जल्द साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। विद्यार्थियों और युवाओं को मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट तथा ऑनलाइन लेन-देन की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी गई।

कार्यक्रम में थाना टिकरापारा से प्रधान आरक्षक रामनारायण पटेल, वरिष्ठ आरक्षक रविन्द्र सिंह एवं विमलेश मालेकर मौजूद रहे। ग्रामीण महिला मंडल की अध्यक्ष भारती साहू, पार्षद सुषमा तिलक साहू, पूर्व पार्षद सीमा संतोष साहू, साहू संघ महामंत्री तृष्णा साहू, प्रेमलता साहू, ज्योति चंदेल, एल्डरमैन ऋषि साहू, कमलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

महिलाओं ने साइबर जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की आवश्यकता बताई। पुलिस ने आम लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, अनजान लिंक से बचने और ऑनलाइन लेन-देन करते समय सावधानी बरतने की अपील की।

Share: