सुकमा। जिले की सभी ग्राम पंचायतों और प्रमुख मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के सुकमा जिलाध्यक्ष सुरेश कवासी के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की है। साथ ही एक महीने के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
अंधेरे में ग्रामीणों को जंगली जानवरों का खतरा
आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन में कहा कि जिले की अधिकांश ग्राम पंचायतें जंगल और झाड़ियों से घिरे क्षेत्रों में स्थित हैं। शाम और रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंधेरे के कारण जंगली जानवरों और विषैले जीव-जंतुओं से जान-माल का खतरा भी बना रहता है।
खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की मांग
पार्टी ने प्रशासन से सभी ग्राम पंचायतों और प्रमुख मोहल्लों में आवश्यकता के अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है। इसके साथ ही जहां पहले से स्ट्रीट लाइट लगी हैं और खराब पड़ी हैं, उनकी तत्काल मरम्मत कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।
Protest Warning: एक महीने का दिया अल्टीमेटम
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन को एक महीने का समय देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में स्ट्रीट लाइट लगाने और खराब लाइटों की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। पार्टी ने आंदोलन की स्थिति के लिए संबंधित प्रशासन को जिम्मेदार बताया है।