सुकमा। जिले के छिंदगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत मेखावाया के ग्रामीणों और छोटे बच्चों को जल्द ही जर्जर आंगनबाड़ी भवन से राहत मिलने वाली है। नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण के लिए प्रशासन ने 11 लाख 69 हजार रुपये की स्वीकृति जारी की है। यह स्वीकृति आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश कवासी और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जिला प्रशासन के समक्ष लगातार उठाई गई मांग के बाद जारी होने की बात कही गई है।
मेखावाया का पुराना आंगनबाड़ी भवन लंबे समय से जर्जर हालत में था। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने और भवन की स्थिति के कारण बच्चों एवं आंगनबाड़ी से जुड़े लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता था। इस समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नए भवन के निर्माण की मांग की थी।
प्रशासन के स्वीकृति आदेश के अनुसार, जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) के माध्यम से वित्त वर्ष 2026-27 में नए आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 4 लाख 67 हजार 600 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्य की एजेंसी जनपद पंचायत छिंदगढ़ को बनाया गया है। नए भवन की स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए इस मांग को उठाने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया है।