BREAKING

Road Accident: मंगोली चौक के पास ट्रक से भिड़ी क्रेटा, एक युवक की मौत; चार लोग घायल

Share:

रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र में रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंगोली चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक और क्रेटा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रेटा में सवार चार लोग घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौत होने की सूचना है।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। हादसे में घायल लोगों की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और ट्रक व कार की रफ्तार कितनी थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। मृतक युवक की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share: