रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर पहुंचे। वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर एम्स परिसर तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
एम्स रायपुर में आयोजित दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह को लेकर संस्थान परिसर में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उपराष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। वीआईपी रूट पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और कार्यक्रम स्थल के आसपास भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।