रायगढ़, 4 सितंबर 2026: रायगढ़ शहर को आधुनिक और बेहतर नागरिक सुविधाओं से लैस करने के लिए चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शुक्रवार को मैराथन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों, पुलों, रिवर फ्रंट, ऑक्सीजोन, खेल सुविधाओं और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री ने दूध डेयरी ऑक्सीजोन से निरीक्षण की शुरुआत की। इसके बाद गोवर्धनपुर में केलो नदी पर बन रहे पुल, खर्राघाट केलो रिवर फ्रंट, नालंदा परिसर, एसईसीएल रोड मरीन ड्राइव, कयाघाट पुल, मिनी स्टेडियम की स्केटिंग रिंग, कौहाकुंडा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, स्टेडियम और एफसीआई ऑक्सीजोन समेत कई स्थानों का निरीक्षण किया।
बड़े अधोसंरचनात्मक प्रोजेक्ट पर फोकस
ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम किया जा रहा है। उद्देश्य सिर्फ निर्माण कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि शहर की अधोसंरचना को मजबूत कर नागरिकों के जीवन में वास्तविक सुधार लाना है।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण शहर है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण लंबे समय से यातायात, दुर्घटना, धूल और प्रदूषण जैसी समस्याएं सामने आती रही हैं। इन चुनौतियों के स्थायी समाधान के लिए बड़े अधोसंरचनात्मक प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
रिंग रोड से शहर को मिलेगी राहत
रिंग रोड परियोजना को रायगढ़ के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। परियोजना के पहले चरण में घरघोड़ा रोड को झारसुगुड़ा रोड से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इस परियोजना पर 400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की संभावना है।
उन्होंने भविष्य में रायगढ़ से घरघोड़ा तक सड़क को फोरलेन करने की दिशा में भी प्रयास किए जाने की बात कही। रिंग रोड के विकसित होने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
केलो रिवर फ्रंट और मरीन ड्राइव से बदलेगा शहर का स्वरूप
शहर में सड़क और पुल निर्माण के साथ हरित क्षेत्रों तथा आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं को भी विकास योजनाओं में शामिल किया जा रहा है। केलो रिवर फ्रंट, मरीन ड्राइव, ऑक्सीजोन और नालंदा परिसर जैसी परियोजनाओं से शहर में नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान विकसित होंगे।
खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। मिनी स्टेडियम में स्केटिंग रिंग और अन्य खेल अधोसंरचना से युवाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
एक-दो साल में जमीन पर दिखेगा बदलाव
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सभी परियोजनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने और कार्यों में आने वाली बाधाओं का आपसी समन्वय से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले एक-दो वर्षों में रायगढ़ के विकास की तस्वीर जमीन पर स्पष्ट दिखाई देगी। शहर में सड़क, यातायात, हरित क्षेत्र, खेल और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के पूरा होने से रायगढ़ के शहरी स्वरूप में व्यापक बदलाव आने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।