धमतरी। छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स के लिए गंगरेल में आज से दो दिवसीय Monsoon Creator Meetup 2026 की शुरुआत होने जा रही है। 5 और 6 सितंबर को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से कंटेंट क्रिएटर्स शामिल होंगे और युवाओं के साथ डिजिटल मीडिया से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश के YUVA कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है। इसमें सोशल मीडिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर युवाओं के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और कंटेंट क्रिएशन को करियर के रूप में अपनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
इस मीटअप में रायपुर, बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से क्रिएटर्स के पहुंचने की जानकारी है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने, बेहतर कंटेंट तैयार करने और सोशल मीडिया की बदलती संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।
आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को डिजिटल क्रिएटिविटी और नए करियर विकल्पों से जोड़ना है। कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में पहले से काम कर रहे क्रिएटर्स अपने अनुभव और काम करने के तरीके युवाओं के साथ साझा करेंगे, जिससे नए लोगों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा मिल सके।
गंगरेल में होने वाला यह आयोजन प्रकृति और डिजिटल क्रिएटिविटी का अनोखा संगम भी बनेगा। दो दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में बारिश के मौसम की खूबसूरती के बीच सोशल मीडिया, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और कंटेंट क्रिएशन से जुड़े युवा एक मंच पर नजर आएंगे