रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के कविता नगर, बोरियाखुर्द में नागरिकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ पुलिस के “संवाद से समाधान”, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्त समाज, यातायात जागरूकता और “साइबर जागृति अभियान” के तहत किया गया। राज्य में चल रहे साइबर जागृति अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मरई के निर्देश पर परिवीक्षाधीन उप निरीक्षक अजय कुमार कैवर्त, वरिष्ठ आरक्षक भारतेंद्र साहू और आरक्षक जितेंद्र सिन्हा ने नागरिकों को साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए। मोहल्लेवासियों, महिला समूह और मितानिन समूह को फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, नकली वेबसाइट, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के बारे में जानकारी दी गई।
OTP और बैंकिंग जानकारी साझा न करने की अपील
पुलिस ने लोगों को समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक डिटेल, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
महिला सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। महिलाओं को अभिव्यक्ति ऐप, छत्तीसगढ़ पुलिस के समाधान ऐप और आपात स्थिति में 112 सेवा का उपयोग करने के बारे में बताया गया। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की सलाह दी गई।
नशे से दूर रहने और यातायात नियमों के पालन का संदेश
जागरूकता कार्यक्रम में साइबर अपराध के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और महिला सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. डी.के. साहू, महिला समूह की संगीता चंद्राकर अपनी टीम के साथ, मितानिन समूह की कांति साहू और उनकी टीम सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को लगातार आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
पुलिस ने नागरिकों को “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध से बचें” का संदेश देते हुए किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।