BREAKING

Building Collapse News: सदर बाजार में जर्जर इमारत का हिस्सा गिरा, तेज आवाज के बीच टला बड़ा हादसा

Share:

रायपुर। राजधानी के सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात एक पुरानी और जर्जर इमारत का सामने का हिस्सा अचानक गिरने से हड़कंप मच गया। घटना के दौरान आसपास लोगों की आवाजाही बनी हुई थी, लेकिन समय रहते लोगों के हट जाने से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, जर्जर इमारत सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित है और इसके नीचे पान की दुकान संचालित होती है। इमारत का हिस्सा गिरने का आभास होते ही दुकानदार और आसपास मौजूद लोग तुरंत वहां से हट गए। इसके कुछ ही देर बाद भवन का सामने वाला हिस्सा नीचे आ गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए संबंधित मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि मलबे के कारण किसी तरह की दुर्घटना न हो।

स्थानीय स्तर पर यह बात सामने आई कि घटना के समय इलाके में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। हालांकि, इमारत का हिस्सा गिरने का वास्तविक कारण क्या था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

Share: