CG News- छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। बारसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तोड़मा गांव के घने जंगलों में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान मुस्तैद जवानों ने नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जंगलों में छिपाकर रखे गए तीन घातक आईईडी (IED) को ढूंढ निकाला और एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।
भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और नक्सली साहित्य बरामद
सर्चिंग के दौरान जवानों ने केवल आईईडी ही नहीं, बल्कि नक्सलियों द्वारा डंप की गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है। इसके साथ ही मौके से हथियार बनाने और मरम्मत करने से जुड़े उपकरण, भारी संख्या में नक्सली वर्दियां, दवाइयां, दैनिक उपयोग के सामान और नक्सली साहित्य भी जब्त किया गया है। नक्सलियों ने इन सामग्रियों को जंगलों के भीतर इस तरह छिपाया था ताकि जरूरत पड़ने पर वे इसका इस्तेमाल सुरक्षाबलों के खिलाफ कर सकें।
नक्सलियों के मंसूबे हुए ध्वस्त, इलाके में सर्चिंग तेज
सुरक्षाबलों की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से इलाके में सक्रिय नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फिर गया है। बरामद किए गए आईईडी को बम निरोधक दस्ते (BDDS) की मदद से बेहद सावधानी के साथ मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया गया है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस बड़ी कामयाबी के बाद सुरक्षाबलों ने तोड़मा और आस-पास के संवेदनशील जंगलों में अपनी गश्त और सर्च ऑपरेशन को और अधिक तेज कर दिया है ताकि नक्सलियों के अन्य ठिकानों का पता लगाया जा सके।