BREAKING

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में खनिज माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 1 पोकलेन और 6 हाईवा वाहन जब्त

Share:

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अवैध खनन के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' के निर्देशों के बाद प्रदेशभर में कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनिज विभाग ने बीते दो दिनों के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त 1 पोकलेन मशीन और 6 हाईवा वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर के मार्गदर्शन में विशेष अभियान के तहत की गई।

खनिज विभाग की टीम ने सोमवार और मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण किया। सारंगढ़ तहसील में अवैध रूप से रेत और चूना पत्थर का परिवहन करते हुए चार हाईवा वाहनों को जब्त किया गया। वहीं उप तहसील कोसीर के ग्राम पासीद में औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रेत उत्खनन में लगी एक पोकलेन मशीन और दो अन्य हाईवा वाहनों को भी जब्त कर संबंधित थानों और स्थानीय प्रशासन की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया कि राज्य में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share: