धमतरी। जिले में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर दो अलग-अलग संगठनों द्वारा प्रदर्शन किया गया। एक ओर अशासकीय शिक्षकों ने स्कूलों में समय पर पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया, वहीं दूसरी ओर प्रदेश मितानिन संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में मितानिनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
अशासकीय शिक्षकों का कहना है कि स्कूलों में पर्याप्त संख्या में पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सभी विद्यालयों में आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
वहीं मितानिनों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। दोनों संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिनिधियों से चर्चा कर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।