बेमेतरा जिले के देवरबीजा उपतहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार राजाराम लहरे पर न्यायालयीन रिकॉर्ड में कथित हेरफेर, बैकडेट में आदेश दर्ज करने और दस्तावेज गायब करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में रायपुर निवासी शिवशंकर पाठक ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य सचिव को आवेदन सौंपकर संबंधित लोकसेवक के खिलाफ अभियोजन चलाने की पूर्व स्वीकृति देने की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि न्यायालयीन अभिलेखों में अनियमितताएं कर रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की गई, जिससे राजस्व प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में विभागीय स्तर पर शिकायत की प्रक्रिया जारी है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या जांच के निष्कर्ष अभी सामने नहीं आए हैं। आगे की कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी के निर्णय और जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी।