कोरबा। शहर के शारदा विहार पेट्रोल पंप के पास स्थित इंडिकैश एटीएम में देर रात लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। दो नकाबपोश बदमाश कटर और सब्बल जैसे औजारों के साथ एटीएम में घुसे और मशीन का पैनल तोड़कर कैश बॉक्स तक पहुंचने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, वारदात रात करीब 12 बजे की है। बदमाश कैश निकालने की कोशिश कर ही रहे थे कि एटीएम का सुरक्षा अलार्म बज उठा। अलार्म बजते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी संगठित गिरोह का हाथ है या नहीं।