कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कटघोरा वनमंडल से वन्यजीवों का मनमोहक नजारा सामने आया है। ऐतमा नगर परिक्षेत्र के अंतर्गत स्थित सलिहाभाठा जलाशय में 13 हाथियों का एक बड़ा दल पानी में अठखेलियां करता नजर आया। इस खूबसूरत दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी और उमस के बीच हाथियों का झुंड जलाशय में पहुंचा, जहां उन्होंने लंबे समय तक पानी में मस्ती की। वन विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह दृश्य बेहद आकर्षक माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, हाथी अक्सर गर्म मौसम में शरीर का तापमान नियंत्रित रखने और आराम के लिए जलाशयों का रुख करते हैं।