धमतरी न्यूज़: धमतरी जिले में कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों के मूल्य संवर्धन (Value Addition) और ग्रामीण उद्यमिता को नई पहचान देने के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। 30 जुलाई 2026 को धमतरी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) में नवनिर्मित ‘माइक्रो फूड प्रोसेसिंग इन्क्यूबेशन सेंटर’ का भव्य लोकार्पण किया गया। यह लोकार्पण प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा के हाथों संपन्न हुआ। इस दौरान खाद्य प्रसंस्करण पर आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी समापन हुआ।
उद्घाटन अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि कृषि और उद्यानिकी उपजों का वैज्ञानिक विधि से प्रसंस्करण करना किसानों की आय और आर्थिक स्थिति मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना’ (PMFME) के तहत यह सेंटर स्थापित किया गया है, जो ग्रामीण युवाओं, स्व-सहायता समूहों (SHGs) और कृषक उत्पादक संगठनों (FPO) को बिना बड़ी मशीनरी खरीदे कम लागत पर प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और उत्पाद परीक्षण की साझा सुविधा प्रदान करेगा।
धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इसे जिले के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों जैसे फल, सब्जी, मसाले और मिलेट्स की प्रोसेसिंग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार की नई राहें खुलेंगी।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान किसानों और महिला समूहों को खाद्य प्रसंस्करण के अलावा स्वच्छता मानक, आधुनिक पैकेजिंग, FSSAI नियम, विपणन और ब्रांडिंग के गुर सिखाए गए। कार्यक्रम में धमतरी महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक सहित बड़ी संख्या में कृषि वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय किसान उपस्थित रहे।