बिरगांव न्यूज़: बिरगांव में तहसील साहू संघ द्वारा साहू समाज विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी महापौर नंदलाल देवांगन और MIC (महापौर परिषद) सदस्य के खिलाफ उग्र विरोध प्रदर्शन और घेराव किया गया। प्रदर्शन के दौरान साहू समाज के भारी विरोध को देखते हुए महापौर और एमआईसी सदस्य मौके से हट गए।
प्रदर्शन के बीच नगर निगम आयुक्त (निगमायुक्त) ने आंदोलनकारियों से चर्चा की। निगमायुक्त ने मौखिक रूप से जानकारी दी कि एमआईसी में सर्वसमाज के लिए भूमि आवंटन को लेकर जो प्रस्ताव पास किया गया था, उसका आवंटन अभी नहीं हुआ है। प्रक्रिया पूर्ण न होने की स्थिति में यह स्वतः ही निरस्त हो जाएगा। इसके साथ ही निगमायुक्त ने तहसीलदार को तत्काल लिखित आदेश जारी कर भूमि का स्थल निरीक्षण करने और शीघ्र रिपोर्ट (प्रतिवेदन) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन और निगमायुक्त की ओर से मिले इस आश्वासन के बाद साहू समाज ने अपने धरना-प्रदर्शन को फिलहाल कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया है। हालांकि, समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पुनः उग्र धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस उग्र घेराव और प्रदर्शन में लगभग 500 साहू समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान मुख्य रूप से जिला साहू संघ संगठन सचिव श्रीमती सरस्वती साहू, तहसील साहू संघ बीरगांव अध्यक्ष बेदराम साहू, उपाध्यक्ष जीवन लाल साहू, महिला उपाध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा साहू, संगठन सचिव डेविड साहू, दक्षिण परिक्षेत्र साहू समाज अध्यक्ष जीधन साहू, सरोरा परिक्षेत्र अध्यक्ष रामपाल साहू, उरला परिक्षेत्र अध्यक्ष परमेश्वर साहू सहित विभिन्न परिक्षेत्रों और इकाइयों के पदाधिकारी व समाज जन मौजूद रहे।