BREAKING

Dongargarh Katghora Rail Line Approved: डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को मिली मंजूरी; कवर्धा और राजनांदगांव अंचल को मिलेगा सीधा लाभ

Share:

राजनांदगांव न्यूज़: राजनांदगांव, खैरागढ़ और कवर्धा अंचलवासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग 'डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना' को आखिरकार बड़ी प्रशासनिक मंजूरी और गति मिल गई है। गुरुवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और इसे तेजी से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में परियोजना की प्रगति और मार्ग योजना (अलाइनमेंट) पर गहन चर्चा हुई।

डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन बिछने से राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम (कवर्धा), पंडरिया और कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। यह परियोजना न केवल इन उपेक्षित और वनांचल क्षेत्रों की वर्षों पुरानी रेल कनेक्टिविटी की मांग को पूरा करेगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, कृषि और आर्थिक विकास के नए दरवाजे भी खोलेगी।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए केंद्र और राज्य सरकार का सहृदय आभार व्यक्त किया है। परियोजना को हरी झंडी मिलने के बाद अब इसके भू-अर्जन और निर्माण प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

Share: