जैजैपुर, 4 अगस्त। सक्ती जिले के जैजैपुर क्षेत्र के होनहार खिलाड़ी आदित्य प्रभु दुबे ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। नेपाल में आयोजित 11वीं अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में आदित्य ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए एकल बैडमिंटन स्पर्धा का स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता नेपाल में 26 से 31 जुलाई तक आयोजित की गई थी। जैजैपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में कक्षा 12वीं के छात्र आदित्य प्रभु दुबे ने टूर्नामेंट के शुरुआत से ही अपनी लय बनाए रखी और फाइनल मुकाबले में विरोधी खिलाड़ी को शिकस्त देकर भारत के लिए गोल्ड मेडल हासिल किया।
आदित्य की इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे जैजैपुर क्षेत्र और सक्ती जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। विद्यालय के शिक्षकों, सहपाठियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आदित्य को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद आदित्य की यह सफलता क्षेत्र के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा साबित होगी।