बिरगांव/रायपुर, 5 अगस्त। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के प्रदेश अध्यक्ष एल. एल. कोशले के मार्गदर्शन तथा युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप श्रृंगी के आदेशानुसार युवा प्रकोष्ठ बिरगांव ब्लॉक का गठन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। समाज में शिक्षा का प्रसार, संगठन की मजबूती, सामाजिक जागरूकता, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिक बंधुओं और युवाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर जिला युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष मोहन बंजारे उपस्थित रहे। उनकी प्रेरणादायी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला सहसचिव राकेश गेंदले, बिरगांव ब्लॉक अध्यक्ष राजू चेलक, हरीश घृतलहरे और सोहन दिवाकर सहित समाज के कई वरिष्ठजन और युवा साथी शामिल हुए। अतिथियों ने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए संगठनात्मक मजबूती और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया।
इस अवसर पर नवगठित बिरगांव ब्लॉक युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को आधिकारिक नियुक्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सभी पदाधिकारियों को समाज सेवा, शिक्षा के प्रसार, युवाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास और संत शिरोमणि गुरु घासीदास बाबा जी के सत्य, समानता, मानवता व सद्भाव के पावन आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने की शपथ दिलाई गई। नवगठित टीम ने सामाजिक एकता और प्रगति के लिए पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।