BREAKING

Development News : भोरमदेव सरस मेले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम का पालन करें: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की अपील

Share:

कबीरधाम: पवित्र श्रावण मास के अवसर पर कबीरधाम (कवर्धा) जिले में आयोजित प्रसिद्ध भोरमदेव सरस मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष अभियान छेड़ा गया है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मेले की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 का सख्ती से पालन करने की अपील सभी दुकानदारों, शिविर संचालकों और श्रद्धालुओं से की है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव धाम छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और प्रकृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने पूरे भोरमदेव परिसर और सरस मेले को पूर्णतः 'प्लास्टिक मुक्त' बनाने पर बल देते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक के बजाय कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करने का आग्रह किया। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में जैविक और अजैविक कचरे को अलग-अलग एकत्र करने के लिए दुकानदारों को गीला व सूखा कचरा डस्टबिन में ही डालने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों, स्व-सहायता समूहों की दीदियों, मितानिन बहनों और स्वच्छाग्रहियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के पालन और स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे मेले में घर से कपड़े का थैला और पानी की बोतल साथ लाएं ताकि यह पवित्र तीर्थ क्षेत्र प्रदूषण मुक्त बना रहे। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने कबीरधाम जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया।

Share: