रायपुर, 7 अगस्त। प्रदेश में स्मार्ट मीटर की स्थापना और लगातार बढ़ती बिजली दरों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज तथा शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन के निर्देशानुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में नेताजी कन्हैयालाल बाजारी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष किशनलाल बाजारी के नेतृत्व में राजधानी रायपुर के ठक्कर बाबा वार्ड (क्रमांक 17) में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर आम जनता को जागरूक किया गया और विरोध स्वरूप फॉर्म वितरित किए गए।
आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन विशेष रूप से मौजूद रहे। नेताओं ने वार्डवासियों से सीधे संवाद करते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने से आम उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है, जिससे मध्यम व गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने घर-घर जाकर नागरिकों को फॉर्म बांटे और सरकार की बिजली नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. अनुराम साहू, सुंदरलाल जोगी, ईश्वर चक्रधारी, दाऊ लाल साहू, वार्ड अध्यक्ष राजेंद्र साहू, सुनील देवांगन, अनिल वर्मा, तेज वर्मा, कुणाल शर्मा, हेमलाल नायक, ईश्वर जांगड़ा सहित वार्ड के समस्त कांग्रेस जन और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ब्लॉक अध्यक्ष किशनलाल बाजारी ने स्पष्ट किया कि जब तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक नहीं लगाई जाती और बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस नहीं लिया जाता, तब तक कांग्रेस का यह चरणबद्ध आंदोलन और जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा।