रायपुर, 7 अगस्त। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों और राज्यपाल रमेन डेका द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यक्त की गई चिंता के तत्काल बाद रायपुर जिला प्रशासन ने 'प्रोजेक्ट पुनर्जीवन' के तहत एक बड़ी पहल की है। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में राजधानी रायपुर के सभी 10 जोनों में विशेष अभियान चलाकर पेड़ों के स्वाभाविक विकास में बाधक बन रहे ट्री गार्ड्स और कंक्रीट के घेरों (पेवर ब्लॉक) को हटाने की कार्रवाई की गई। इस कदम से पौधों को प्राकृतिक रूप से विकसित होने, मिट्टी से पोषण और पानी प्राप्त करने का अनुकूल वातावरण मिला है।
अभियान के तहत नगर निगम के सभी 10 जोन कमिश्नरों ने अपने-अपने क्षेत्रों के वार्डों में ऐसे पेड़ों की पहचान की, जो वर्षों से ट्री गार्ड और कंक्रीट से घिरे होने के कारण ठीक से बढ़ नहीं पा रहे थे। इस दौरान शहरभर में लगभग 1,622 ट्री गार्डों और 362 कंक्रीट के पेवर घेरों को तत्परता से हटाया गया। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने इस कार्य को प्राथमिकता पर रखते हुए सभी जोन क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा सुनिश्चित की, ताकि पेड़ों को स्वतंत्र रूप से पनपने का पर्यावरण-हितैषी माहौल मिल सके।
रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने शहर के समस्त रहवासियों से अपील की है कि वे इन पौधों की उचित देखभाल, खाद और पानी की व्यवस्था में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने घोषणा की है कि प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत पर्यावरण संरक्षण में सराहनीय योगदान देने वाले नागरिकों को जिला प्रशासन द्वारा 'पर्यावरण मित्र' के रूप में सम्मानित किया जाएगा। प्रशासन की इस पहल की शहर के पर्यावरण प्रेमियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।