रायपुर न्यूज़: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा ने राजधानी रायपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेशभर में आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘तिरंगा यात्रा’ की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने बताया कि प्रदेश के नक्सलमुक्त होने के बाद इस बार बस्तर के सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में पहली बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा पूरी शान के साथ फहराया जाएगा।
पत्रकार वार्ता की प्रमुख बातें:
देशभक्ति और सामाजिक समरसता: डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि "हर घर तिरंगा" और "तिरंगा यात्रा" केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में देशभक्ति का ज्वार जगाने, सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने और हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व राष्ट्र निर्माताओं को नमन करने का एक ऐतिहासिक जरिया बनेगा।
बस्तर में नया सवेरा: डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर के जिन इलाकों में दशकों तक खौफ का साया था, वहां अब ग्रामीण उत्साहपूर्वक तिरंगा फहराकर भारत की आजादी का पर्व मनाएंगे।
प्रदेशभर में भव्य आयोजन: अभियान के तहत राज्य के हर जिले, मंडल, गांव और वार्ड स्तर पर प्रभात फेरियां, तिरंगा यात्राएं और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें युवाओं और आम जनता की व्यापक भागीदारी होगी।