BREAKING

Social Service News : "शिक्षा की राह में छोटा-सा योगदान, बच्चों के सपनों को नई उड़ान" - मंत्री राजेश अग्रवाल

Share:

रायपुर, 9 अगस्त। छत्तीसगढ़ सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर में जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनकी पढ़ाई में सहयोग देने के उद्देश्य से संचालित 'मिशन एजुकेशन' के स्टेशनरी दान अभियान में सहभागिता की। उन्होंने इस सामाजिक पहल में अपना योगदान देते हुए जरूरतमंद बच्चों के लिए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री दान की और संस्था के प्रयासों की सराहना की।

'मिशन एजुकेशन' द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को कॉपियां, पेन, पेंसिल, इरेज़र और ज्योमेट्री बॉक्स जैसी महत्वपूर्ण अध्ययन सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संसाधनों की कमी के कारण किसी भी होनहार बच्चे की पढ़ाई बीच में न छूटे और वे निर्बाध रूप से अपनी शिक्षा जारी रख सकें।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और किसी भी बच्चे की शिक्षा में किया गया सहयोग केवल एक वस्तु का दान नहीं, बल्कि उसके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण है। उन्होंने समाज के सक्षम नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे सामाजिक सरोकारों से जुड़कर वंचित बच्चों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे के सपनों की उड़ान में बाधा न बन सके।

Share: