BREAKING

Disaster Relief News : असम में बाढ़ से तबाही, मुख्यमंत्री साय ने हिमंत बिस्वा सरमा से चर्चा के बाद दिए ₹5 करोड़ की सहायता का निर्णय

Share:

रायपुर, 9 अगस्त। असम में प्राकृतिक आपदा और भीषण बाढ़ से निर्मित गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मदद का हाथ बढ़ाया है। राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से टेलीफोन पर बात कर वहां के हालात की जानकारी ली। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से असम के बाढ़ पीड़ितों के प्रति एकजुटता और सहानुभूति प्रकट करते हुए ₹5 करोड़ की आर्थिक सहायता राशि देने का बड़ा निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार असम के प्रभावित लोगों के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ी है। छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदान की जाने वाली यह सहायता राशि 'मुख्यमंत्री सहायता कोष' के माध्यम से असम सरकार को भेजी जाएगी, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण, चिकित्सा सुविधाओं और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास कार्यों में तेज़ी लाई जा सके।

बातचीत के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार और वहां की जनता द्वारा दिए गए इस समयोचित सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सहृदय आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि असम में भारी बारिश और नदियों के उफान के कारण लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल की सर्वत्र सराहना की जा रही है।

Share: