BREAKING

बिरगांव के ग्रेन एटीएम में अव्यवस्था: 24 घंटे चावल मिलने के दावे की खुली हवा, खाद्य विभाग से निरीक्षण की मांग

Share:

रायपुर/बिरगांव, 11 अगस्त। नगर निगम बिरगांव क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत स्थापित 'अन्नपूर्णा ग्रेन एटीएम केंद्र' में भारी अव्यवस्था का मामला सामने आया है। नगर निगम बिरगांव के लोक निर्माण विभाग (PWD) प्रभारी व एमआईसी सदस्य इकराम अहमद ने राशन कार्डधारियों को हो रही दिक्कतों को लेकर खाद्य विभाग का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से केंद्र का तत्काल धरातलीय निरीक्षण कर व्यवस्था को दुरुस्त करने और हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने की मांग की है।

एमआईसी सदस्य इकराम अहमद ने बताया कि सातों दिन और 24 घंटे राशन उपलब्ध कराने के दावे के साथ शुरू किए गए इस ग्रेन एटीएम में सोमवार को सुबह 11 बजे तक हितग्राहियों को चावल नहीं मिल सका। इसके अलावा राशन कार्डधारियों द्वारा लगातार नमक और शक्कर उपलब्ध न होने की गंभीर शिकायतें भी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समय पर राशन न मिलना सीधे तौर पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की मंशा पर सवाल खड़े करता है। वर्तमान में यह एटीएम केंद्र अधिकारियों की अनुपस्थिति में पूरी तरह एक सुरक्षा गार्ड के भरोसे संचालित होता दिख रहा है।

उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारी भूपेंद्र मिश्रा व अन्य जिम्मेदार प्रशासनिक अमले से मांग की है कि केंद्र में राशन व अन्य सामग्रियों की उपलब्धता की तुरंत जांच की जाए। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए केंद्र की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद कार्डधारियों को उनके हिस्से का खाद्यान्न बिना किसी परेशानी के और समय पर प्राप्त हो सके।

Share: