BREAKING

छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद मिनीमाता की पुण्यतिथि पर CM साय ने किया नमन, बोले- सेवाभावी व्यक्तित्व सदैव देता रहेगा प्रेरणा

Share:

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद एवं समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनीमाता ने अपना संपूर्ण जीवन मानव सेवा और समाज के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। उनका सेवाभावी व्यक्तित्व और जनहित के प्रति समर्पण आज भी समाज को प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मिनीमाता ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई। उन्होंने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों का विरोध करते हुए समाज में जागरूकता लाने का प्रयास किया। उन्होंने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए भी लगातार काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनीमाता का सार्वजनिक जीवन जनसेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा। उन्होंने समाज सुधार के मुद्दों को संसद तक पहुंचाया और लोगों के हितों के लिए अपनी आवाज बुलंद की। उनका योगदान छत्तीसगढ़ के सामाजिक और राजनीतिक इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

उन्होंने कहा कि मिनीमाता के विचार और उनके द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्य आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक समानता, सेवा और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे। उनके आदर्शों को याद करना और समाजहित में उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Share: