भैयाथान, 16 सितंबर 2026। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भैयाथान क्षेत्र में 34 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का कार्यप्रारम्भ पूजन किया। इन सड़कों के निर्माण और उन्नयन से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी।
सड़कें विकास की मजबूत नींव
लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क ग्रामीण विकास की मजबूत नींव है। सड़कों के विस्तार से गांवों की कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
डुमरिया से केंवरा तक 18 किमी सड़क का उन्नयन
प्रमुख परियोजना के तहत डुमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केंवरा मार्ग का 18 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। इस कार्य की लागत लगभग 30.41 करोड़ रुपये है। परियोजना में बिटुमिनस कंक्रीट और शोल्डर निर्माण के साथ 6,570 मीटर नाली, 300 मीटर टो-वॉल, 140 मीटर रिटेनिंग वॉल, 8 एचपीसी और 7 स्लैब पुलियों का निर्माण भी शामिल है।
सड़क के उन्नयन से राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
दर्रीपारा-दनौली से झम्मनपारा तक बनेगी सड़क
दूसरी परियोजना के तहत दर्रीपारा-दनौली मार्ग से झम्मनपारा तक 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 374.76 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। परियोजना में 3.20 किलोमीटर सड़क, 0.90 किलोमीटर सीसी रोड, 1,200 मीटर नाली, 90 मीटर रिटेनिंग वॉल और 6 एचपीसी पुलियों का निर्माण किया जाएगा।
इस सड़क के बनने से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में विकास गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्रवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों सहित सभी नागरिकों से अभियान में सहभागिता का आह्वान किया।