अंबिकापुर, 16 सितंबर 2026। श्री रामलला तीर्थ दर्शन (अयोध्या धाम) योजना के तहत सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालु भारत गौरव ट्रेन से श्री काशी और श्री अयोध्या धाम की यात्रा पर रवाना हुए। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से दोपहर 2:30 बजे ट्रेन को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्रद्धालुओं को काशी में बाबा विश्वनाथ और अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन का अवसर मिलेगा।
स्टेशन पर दिखा उत्साह और भक्ति का माहौल
ट्रेन की रवानगी के दौरान अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। परिजन और परिचित उन्हें विदाई देने स्टेशन पहुंचे। काशी और अयोध्या धाम की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खुशी और उमंग देखने को मिली। ट्रेन के रवाना होते ही स्टेशन परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बन गया।
भोजन, आवास और चिकित्सा की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधाजनक यात्रा के लिए आईआरसीटीसी और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के माध्यम से व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों के लिए भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यात्रा प्रबंधन में संबंधित विभागों की टीमें समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं।
अब तक 52 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लिया लाभ
श्री रामलला तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के नागरिकों को अयोध्या धाम की यात्रा का अवसर दिया जा रहा है। अब तक 62 ट्रेनों के माध्यम से 52 हजार से अधिक तीर्थयात्री योजना का लाभ लेकर श्री रामलला के दर्शन कर चुके हैं। अंबिकापुर से रवाना हुई यह ट्रेन इसी क्रम में सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालुओं को काशी और अयोध्या धाम की यात्रा करा रही है।
19 सितंबर को लौटेगी भारत गौरव ट्रेन
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बाबा विश्वनाथ और श्री रामलला के दर्शन के साथ देश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा। श्रद्धालुओं ने इस यात्रा को अपने लिए विशेष अनुभव बताया। भारत गौरव ट्रेन 19 सितंबर को वापस लौटेगी।