रायपुर, 18 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने के लिए छत्तीसगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत दीर्घकालिक समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में मिशन की रणनीति और कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। लोक निर्माण विभाग को मिशन का नोडल विभाग बनाया गया है।
20 वर्षों के लिए तैयार होगा रोड नेटवर्क का मास्टर प्लान
बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेश के सड़क नेटवर्क के लिए आगामी 20 वर्षों का मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें मौजूदा अधोसंरचना, भविष्य की जरूरतों, कनेक्टिविटी और संभावित विकास क्षेत्रों का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर परियोजनाओं की प्राथमिकता तय कर चरणबद्ध क्रियान्वयन की योजना बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क कनेक्टिविटी के साथ ऊर्जा, ट्रांसमिशन, जल, सिंचाई, संचार और फाइबर नेटवर्क सहित सभी प्रमुख अधोसंरचना को एकीकृत दृष्टिकोण से विकसित करने की जरूरत है। आने वाले वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक क्षेत्र की जरूरत का आकलन करने के निर्देश दिए गए।
इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब की संभावनाएं तलाशी जाएंगी
मुख्य सचिव ने प्रदेश में इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा। सड़क और रेल समेत विभिन्न परिवहन माध्यमों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने के लिए आवश्यक परियोजनाओं को चिन्हित किया जाएगा। इससे माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
इसके साथ ही अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए नए फंडिंग मैकेनिज्म की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा। निजी और सार्वजनिक निवेश समेत विभिन्न वित्तीय विकल्पों का परीक्षण कर परियोजनाओं के लिए उपयुक्त वित्तीय व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया।
20 साल की योजना के साथ बनेगा वार्षिक एक्शन प्लान
दीर्घकालिक मास्टर प्लान के साथ हर साल का एक्शन प्लान भी तैयार किया जाएगा। इसमें प्रस्तावित कार्यों, प्राथमिकता, संसाधनों और समय-सीमा का स्पष्ट उल्लेख रहेगा। परियोजनाओं की बेहतर प्लानिंग और मैपिंग के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को देश के अन्य राज्यों में विकसित आधुनिक अधोसंरचना परियोजनाओं का अध्ययन करने के लिए एक्सपोजर विजिट कराने की बात भी कही गई, ताकि उपयोगी तकनीकों और कार्यप्रणालियों को छत्तीसगढ़ की जरूरतों के अनुरूप अपनाया जा सके।
विभागों के बीच समन्वय पर जोर
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मिशन के कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर तथा लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।