CG News- रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा खारून नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए 'मोर खारून मोर सम्मान' सफाई महाअभियान चलाया गया। महादेवघाट पर आयोजित इस विशेष अभियान में महापौर मीनल चौबे की अपील पर नगर निगम के सभी जनप्रतिनिधि और वार्ड पार्षद एकजुट हुए। आयुक्त संबित मिश्रा की मौजूदगी में लगभग 600 सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों ने मिलकर नदी से भारी मात्रा में जलकुंभी निकाली। इस कचरे को दर्जनों टाटा एस वाहनों में भरकर तुरंत रवाना किया गया, जिससे जीवनदायिनी खारून नदी जलकुंभी से मुक्त हो सकी।
नागरिकों से सहयोग की अपील और लापरवाही पर सख्त चेतावनी
महाअभियान का नेतृत्व करते हुए महापौर मीनल चौबे ने कहा कि खारून नदी को स्वच्छ रखना सभी नागरिकों का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे नदी में गंदगी, कचरा, पॉलीथिन या पूजन सामग्री न डालें। महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम ने सफाई करवाकर अपना कर्तव्य निभाया है, अब इसे बनाए रखने की जिम्मेदारी जनता की है। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि खारून नदी की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
पहली बार इतना बड़ा सफाई अभियान, जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान
एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा ने बताया कि नगर निगम के इतिहास में पहली बार खारून नदी की सफाई के लिए महापौर मीनल चौबे के नेतृत्व में इतना व्यापक महाअभियान चलाया जा रहा है। इस श्रमदान कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, एमआईसी सदस्यों, सभी 10 जोनों के अध्यक्षों, पार्षदों और अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय सहित भारी संख्या में निगम अधिकारियों ने हिस्सा लिया। सभी जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों से रायपुर को स्वच्छ, सुंदर, विकसित और हरित बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।